मुंबई, 26 अप्रैल 2022 । शिवसेना नेता संजय राउत ने नवनीत राणा और रवि राणा पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम के गुर्गे रहे यूसुफ लकड़ावाला से संबंध का आरोप लगाया है। शिवसेना सांसद ने सोशल मीडिया में एक जांच रिपोर्ट की कॉपी पोस्ट कर आरोप लगाया कि राणा दंपति ने लकड़ावाला से 80 लाख रुपए कर्ज के रूप में लिए थे। राउत ने इस कागज को आधार बना इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय से करवाने की मांग की है। संजय राउत ने यह भी कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा का सवाल है। इसलिए इसकी जांच जरुरी है।
प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले साल 29 मई को खुद को बिल्डर और फिल्म फाइनेंसर बताने वाले युसूफ एम लकड़ावाला को गिरफ्तार किया था। उसे 50 करोड़ की एक जमीन के फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग कानून की धाराओं में गिरफ्तार किया गया था। सूत्रों की मानें तो लकड़ावाला ने इस जमीन को कब्जाने के एवज में सरकारी अधिकारियों, एस्टेट एजेंट्स और अन्य लोगों को 11.5 करोड़ रुपए की घूस भी दी थी। बाद में 09 सितंबर 2021 को आर्थर रोड जेल में उसकी मौत हो गई थी।
