दादर के समाधि स्थल पर गुरुवार को हुई थी शिंदे और ठाकरे समर्थकों में झड़प
प्रहरी संवाददाता, मुंबई। दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे के समाधि स्थल शिव तीर्थ पर गुरुवार को शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट के बीच झड़प हुई थी। इस मामले में शुक्रवार को दादर के शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज से इस केस की जांच कर रही है। फुटेज से यह पता किया जा रहा है कि झड़प के दौरान कौन-कौन लोग घटनास्थल पर मौजूद थे। पुलिस उन सबके बयान ले सकती है।
दरअसल, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुरुवार शाम को बालासाहेब ठाकरे के स्मारक पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। उसी दौरान, उद्धव ठाकरे गुट के समर्थक भी वहां पहुंच गए। इससे परिसर में तनाव हो गया। दोनों ग्रुप के बीच झड़प हो गई।
फिलहाल पुलिस ने आईपीसी के सेक्शन 143, 145, 147, 149 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में बॉम्बे पुलिस ऐक्ट की भी धाराएं जोड़ी गई हैं।
