फडणवीस का जवाब- दिवाली के बाद सारे सबूत पेश करूंगा
प्रहरी संवाददाता, मुंबई। महाराष्ट्र महाविकास आघाड़ी में मंत्री और राकांपा नेता नवाब मलिक ने सोमवार को कथित ड्रग्स तस्कर के साथ पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उनकी पत्नी अमृता फडणवीस की तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने इन तस्वीरों के जरिए यह बताने की कोशिश की है कि ड्रग्स तस्करी से भाजपा का पुराना संबंध है। मलिक ने एक तस्वीर के साथ लिखा, ‘चलो आज भाजपा और ड्रग्स पेडलर के रिश्तों पर चर्चा करते हैं।’ दूसरी तस्वीर के साथ लिखा, ‘इस ड्रग्स पेडलर का भाजपा के साथ क्या संबंध है।’
पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कथित ड्रग्स डीलर के साथ अपनी पत्नी की तस्वीर साझा किए जाने के बाद कहा, ‘दिवाली से ठीक पहले यह पटाखा फुस्स हो गया। ऐसा लगा कि मलिक ने कुछ बड़ा खुलासा किया है, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। मैं शीशे के घर में नहीं रहता, जिनका संबंध अंडरवर्ल्ड और ड्रग्स से है, उन्हें मुझसे बात नहीं करनी चाहिए। मैं दिवाली के बाद सारे सबूत पेश करूंगा। कानून अपना काम करेगा। मलिक का एनसीबी पर निशाना साधना अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश है ताकि राकांपा नेता के दामाद के खिलाफ मामला कमजोर हो।’
दरअसल, एनसीबी ने पिछले महीने एक क्रूज जहाज पर छापेमारी की थी। वहां से ड्रग्स जब्त करने का दावा किया था। उसके बाद से मलिक एनसीबी पर लगातार निशाना साध रहे हैं। अब मलिक ने कथित ड्रग्स डीलर जयदीप राणा के साथ फडणवीस और उनकी पत्नी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इसके अलावा, मलिक देंवेद्र फडणवीस और जयदीप राणा की भी तस्वीर शेयर की है।
इस मामले में फडणवीस ने कहा, ‘मुंबई में नदियों के संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था ‘रिवर मार्च’ की रचनात्मक टीम ने इस व्यक्ति (जयदीप राणा) को चार साल पहले काम पर रखा था। मैं और मेरी पत्नी नदी पुनरूद्धार से जुड़े हैं।’ फडणवीस ने कहा, ‘तस्वीरें एक ‘थीम गीत’ की शूटिंग के दौरान ली गई थीं। टीम के साथ न केवल मेरी पत्नी, बल्कि मेरी भी तस्वीरें हैं। लेकिन, नवाब मलिक ने जानबूझ कर मेरी पत्नी की तस्वीरें साझा कीं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जिन लोगों के साथ तस्वीरें खींची गई हैं, उन्हें ‘रिवर मार्च’ (संगठन) ने लाया था। इन लोगों का मेरे या मेरी पत्नी से कोई संबंध नहीं है।’
