डिजिटल न्यूज़ डेस्क, पणजी। गोवा में 27 वर्षीय एक महिला की मौत के मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। फोरेंसिक विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को कहा कि महिला की मौत उथले रेतीले पानी में डूबने से हुई थी, जोकि हत्या का मामला है, आत्महत्या या दुर्घटना का नहीं।
गोवा के काबो डी रामा समुद्र तट पर शुक्रवार को अपनी पत्नी दीक्षा गंगवार को कथित तौर पर डुबाकर हत्या करने के आरोप में दक्षिण गोवा के एक होटल में एक रेस्टोरेंट के मैनेजर गौरव कटियार (29) को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। आरोपी ने अपराध को अंजाम देने के बाद अपनी पत्नी की मौत को दुर्घटना के तौर पर दिखाने की कोशिश की। हालांकि एक शख्स द्वारा बनाए गए वीडियो ने उसके दावे की पोल खोल दी।
पुलिस का कहना है कि इतने कम पानी में डूबने से किसी की मौत नहीं हो सकती, जब तक कि बलप्रयोग नहीं किया जाए। आरोपी की मेडिकल जांच में उसके सीने पर खरोंच के निशान मिले हैं। ऐसे निशान आमतौर पर हाथापाई के दौरान होते हैं। कोर्ट ने आरोपी को पांच दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
