-बीआरएस विधायक नल्लामोथु भास्कर के ठिकानों पर छापेमारी
डिजिटल न्यूज डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना में चुनाव से पहले आयकर विभाग ने गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय समिति (बीआरएस) पार्टी के विधायक नल्लामोथू भास्कर राव के घर और कार्यालय परिसरों में छापे मारे हैं। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। तेलंगाना विधानसभा के लिए 30 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।
बताया गया है कि यह छापेमारी बीआरएस विधायक के कुछ करीबियों के ठिकानों पर भी की जा रही है। भास्कर राव मिरयालगुड़ा से विधायक हैं। वे बीआरएस के टिकट पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वह 1969 में अलग तेलंगाना राज्य के लिए आंदोलन से जुड़ने वाले पहले नेताओं में शामिल रहे हैं।
तेलंगाना में मिर्यालगुडा से बीआरएस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक नल्लामोथु भास्कर राव पर आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है। उनके दफ्तर, आवास और कुछ करीबियों पर छापेमारी चल रही है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। pic.twitter.com/WiEk3XS9Ni
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 16, 2023
इससे पहले 13 नवंबर को आयकर विभाग के अधिकारियों ने तेलंगाना के मंत्री सबिता इंद्र रेड्डी के करीबियों के घर छापेमारी की थी। वे 2019 से ही तेलंगाना में शिक्षा मंत्री हैं। इनकम टैक्स ने प्रदीप नाम के एक व्यक्ति के यहां भी तलाशी ली थी। उसे मंत्री का करीबी रिश्तेदार बताया गया था। आयकर विभाग ने 9 नवंबर को तेलंगाना के खम्मम जिले में कांग्रेस नेता पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी के आवास पर भी छापे मारे थे।
