मुंबई। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों के दौरान आतंकवादियों द्वारा सात आम नागरिकों की हत्या किए जाने की घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आतंकवाद न तो नोटबंदी करने से रुका था और न ही अनुच्छेद 370 हटाने से रुका है।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में आम नागरिकों पर बढ़े हमलों के बीच श्रीनगर के ईदगाह इलाके में गुरुवार को आतंकवादियों ने एक महिला प्रधानाध्यापक समेत सरकारी विद्यालय के दो शिक्षकों की गोली मार कर हत्या कर दी। पिछले पांच दिनों में कश्मीर घाटी में सात नागरिकों की हत्या हुई है। इनमें से छह लोगों की हत्या शहर में हुई है। मृतकों में से चार लोग अल्पसंख्यक समुदाय से थे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया,‘कश्मीर में हिंसा की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। आतंकवाद ना तो नोटबंदी से रुका ना धारा 370 हटाने से। केंद्र सरकार नागरिकों को सुरक्षा देने में पूरी तरह असफ़ल रही है।’
उन्होंने कहा, ‘हमारे कश्मीरी भाई-बहनों पर हो रहे इन हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं। मोदी सरकार देश में वोट तो कश्मीरी लोगों की रक्षा की दुहाई देकर बटोरती है, लेकिन उन्हें सुरक्षा देने में विफल साबित हुई है। पाक समर्थित आतंकवाद पर कब क़ाबू पाएगी छद्म राष्ट्रवादी भाजपा सरकार?’
