ताज़ा खबर
Other

बजट के दिन सेंसेक्स-निफ्टी में भारी उतार-चढ़ाव के साथ बंद

Share

मुंबई, 01 फरवरी 2025: आम बजट के दिन शनिवार को आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में स्थानीय शेयर बाजार काफी उतार-चढ़ाव के बीच स्थिर बंद हुए। सेंसेक्स में 5.39 अंक की मामूली बढ़त रही, जबकि निफ्टी में 26.25 अंक की गिरावट आई। इसका प्रमुख कारण वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पूंजीगत व्यय में 10 प्रतिशत की मामूली वृद्धि है, जो कि उम्मीदों से कम है। रेलवे, रक्षा और अवसंरचना जैसे क्षेत्र प्रभावित हुए हैं जिन पर बाजार प्रदर्शन के लिए निर्भर करता है।

विश्लेषकों के मुताबिक, केंद्रीय बजट खुदरा निवेशकों और समग्र बाजारों के लिए अधिक उत्साह नहीं जगा पाया। हालांकि, बजट में नई कर व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को कर-मुक्त करने और कर स्लैब में फेरबदल की घोषणा के बाद उपभोग से संबंधित क्षेत्रों में खरीदारी को बढ़ावा मिला और इससे बाजार लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। अमूमन शनिवार को शेयर बाजारों में कारोबार बंद रहता है, लेकिन इस बार शनिवार को ही केंद्रीय बजट पेश होने के कारण शेयर बाजार कारोबार के लिए खुले थे।

भारी उतार-चढ़ाव वाले कारोबारी सत्र में बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 5.39 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 77,505.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 77,899.05 अंक का उच्चतम और 77,006.47 अंक का न्यूनतम स्तर छुआ और इसमें कुल 892.58 अंक का उतार-चढ़ाव देखा गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 26.25 अंक यानी 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,482.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी ने 23,632.45 अंक के उच्च और 23,318.30 अंक के निचले स्तर को छुआ। इससे पिछले चार दिनों से बाजार में तेजी थी।


Share

Related posts

‘ये बजट बड़ा ढोल है, इसमें आवाज तो बहुत है पर अंदर से खाली’

Prem Chand

दो साल और 6 ट्रायल के बाद अंटार्कटिका में पहली बार उतरा एयरबस

samacharprahari

भारत 2029 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन सकता है : सुब्बाराव

samacharprahari

नौ लाख रुपये बचाने के लिए डिपो प्रबंधक बस की छत पर बैठे रहे

samacharprahari

फर्जी एनसीबी अधिकारी अरेस्ट, धमकी से परेशान महिला ने की थी आत्महत्या

Vinay

नदी में डूबने से दो संदिग्ध आतंकियों की मौत

samacharprahari