ताज़ा खबर
OtherPoliticsTop 10ताज़ा खबरदुनियाभारतराज्य

भारत का हवाई हमला: पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’

Share

✍🏻 प्रहरी संवाददाता, नई दिल्ली। भारत ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के नौ ठिकानों पर बड़ा हवाई हमला किया। इस कार्रवाई को भारतीय रक्षा मंत्रालय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया है। बुधवार सुबह रक्षा मंत्रालय, थल सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस ऑपरेशन की जानकारी दी। सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान की गई बमबारी और लक्ष्यों की तस्वीरें और वीडियो भी मीडिया के सामने पेश किए। अधिकारियों ने कहा कि कार्रवाई का मकसद आतंकियों की क्षमता को खत्म करना और भविष्य में होने वाले हमलों को रोकना था।

भारतीय सेना ने बताया कि यह ऑपरेशन मंगलवार रात 1:04 बजे शुरू हुआ और कुल 25 मिनट तक चला। इस दौरान सात मिनट में नौ आतंकी टारगेट्स को तबाह किया गया। इनमें ट्रेनिंग कैंप, लॉन्च पैड और हथियार भंडारण केंद्र शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि आम नागरिकों या रिहायशी इलाकों को कोई नुकसान न पहुंचे।

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में यह कार्रवाई की गई है, जिसमें निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या की गई थी। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि पहलगाम हमला आतंक फैलाने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने की एक साजिश थी। इस हमले की जिम्मेदारी टीआरएफ नामक आतंकी संगठन ने ली थी, जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा है।

भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन की रणनीति और लक्ष्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीओके के मुजफ्फराबाद स्थित सवाई नाला में लश्कर का ट्रेनिंग सेंटर था, जहां सोनमर्ग और गुलमर्ग हमलों के आतंकी प्रशिक्षित हुए थे। इसके अलावा गुरपुर, कोटली, सियालकोट और बहावलपुर स्थित जैश और हिजबुल के ट्रेनिंग कैंप भी निशाने पर रहे।

पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने भारत के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया है, हालांकि भारत ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बीबीसी ने भी इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने भारत की एयरस्ट्राइक को “एक्ट ऑफ़ वॉर” बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इसका मुंहतोड़ जवाब देने का पूरा हक़ है और जवाब दिया जा रहा है। रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने बीबीसी को सात ठिकानों पर हमले की पुष्टि की है।

पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ले. जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा कि भारतीय हमले और गोलीबारी में 26 लोगों की मौत और 46 घायल हुए हैं। भारत की ओर से नागरिक क्षति से इनकार किया गया है।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वे मौजूदा हालात को लेकर ‘चिंतित’ हैं। चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया, “भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे. वे दोनों चीन के पड़ोसी भी हैं. चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है।” मंत्रालय के प्रवक्ता ने दोनों देशों से “शांत रहने, संयम बरतने और ऐसी कार्रवाइयों से बचने की अपील की है, जो स्थिति को और जटिल बना सकती हैं।”

 

 


Share

Related posts

सुप्रीम कोर्ट से महाराष्ट्र सरकार को झटका, CBI को सौंपी परमबीर सिंह मामले की जांच

Prem Chand

मनी लॉन्ड्रिंग की आरोपी महिलाओं को बेल में नरमी नहीं

samacharprahari

सीरिया: अरब गैस पाइपलाइन में धमाके से पूरे देश में ब्लैकआउट, आतंकी हमले की आशंका

samacharprahari

पुलिस स्टेशन के सामने नाबालिग की हत्या

Prem Chand

देश भर में निकाली जा रही है रेजांग ला अस्थि राज कलश यात्रा: वीर अहीर जवानों के बलिदान को राष्ट्र का नमन

Prem Chand

सरकार बदलने पर ही जनता का दुख-दर्द दूर होगा : अखिलेश

Prem Chand