लखनऊ को दहलाने की साजिश फेल! पाकिस्तान से जुड़े थे तार, मेरठ का नाई निकला मास्टरमाइंड
✍️ प्रहरी संवाददाता, लखनऊ | उत्तर प्रदेश एटीएस ने लखनऊ में एक बड़ी आतंकी साजिश का भंडाफोड़ करते हुए चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को हुए इस खुलासे के मुताबिक, ये आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के इशारे पर भारत में आगजनी, विस्फोट और दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साकिब उर्फ डेविल, विकास गहलावत, लोकेश उर्फ बाबू और अरबाब के रूप में हुई है। गिरोह का सरगना साकिब मेरठ का रहने वाला है और पेशे से नाई है।

एटीएस की जांच में सामने आया कि ये आतंकी 2 अप्रैल को लखनऊ रेलवे स्टेशन, सिग्नल बॉक्स और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों को निशाना बनाने वाले थे। इनका मुख्य उद्देश्य बड़े पैमाने पर जनहानि कर देश में अस्थिरता पैदा करना था।
साकिब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे टेलीग्राम और सिग्नल के जरिए पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संदिग्ध नंबरों से जुड़ा था। उसने पैसों के लालच और कट्टरपंथी विचारधारा के प्रभाव में आकर अन्य साथियों को इस नेटवर्क में शामिल किया था।
ये आरोपी गाजियाबाद, अलीगढ़ और लखनऊ जैसे शहरों में महत्वपूर्ण स्थानों की रेकी करते थे और उसकी वीडियो रिपोर्ट पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजते थे। चौंकाने वाली बात यह है कि ये लोग छोटी-मोटी आगजनी की घटनाओं को अंजाम देकर उनके वीडियो सबूत के तौर पर भेजते थे, जिसके बदले इन्हें क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान किया जाता था।
एटीएस ने इनके पास से केमिकल से भरा कैन, भारी मात्रा में पंपलेट और मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनसे देश विरोधी गतिविधियों के पुख्ता डिजिटल सबूत मिले हैं।
