– सुप्रीम कोर्ट में एनकाउंटर्स को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई
डिजिटल न्यूज डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर्स को लेकर सवाल उठाए गए हैं। सुप्रीम कोर्ट में यूपी के एनकाउंटर्स को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान यह सवाल उठाया गया कि यूपी में एनकाउंटर्स पर जश्न मनता है। पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया जाता है और इनाम भी। याची ने यूपी सरकार की उस स्टेटस रिपोर्ट पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया है कि यूपी पुलिस की अतीक अहमद और अशरफ की हत्या में कोई गलती नहीं थी। अन्य एनकाउंटर्स को लेकर भी यूपी सरकार ने पुलिस को क्लीन चिट दी थी।
इस मामले में यूपी सरकार ने एफिडेविट दाखिल किया है। सरकार का कहना है कि पुलिस ने रक्षात्मक कार्रवाई के तहत एनकाउंटर किए हैं। याचिकाकर्ता के अनुसार, यूपी सरकार ने सही तथ्य सामने नहीं रखे और अदालत को भ्रमित करने का प्रयास किया है। पुलिस हमेशा सेल्फ डिफेंस की थ्योरी बताकर कमजोर पक्ष पर हमला नहीं कर सकती। वह न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए बिना की गई हत्या है।
गौरतलब है कि यूपी में एनकाउंटर्स की संख्या काफी ज्यादा रही है और उसे लेकर मानवाधिकार संगठन सवाल भी उठाते रहे हैं। कुछ महीने पहले गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की पुलिस सुरक्षा में मीडिया के सामने ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। अतीक अहमद के बेटे असद समेत कई लोगों के भी एनकाउंटर हुए, जिसमें वे मारे गए।
