फेसबुक लाइव पर बोले उद्धव ठाकरे
प्रहरी संवाददाता, मुंबई। महाराष्ट्र सरकार में घमासान मचा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार की शाम महाराष्ट्र की जनता को फेसबुक लाइव पर संबोधित किया। उन्होंने शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की बगावत पर कहा कि अगर कोई मुझसे नाराज है, मुझे मुख्यमंत्री नहीं मानता, तो यह बात मेरे सामने आकर कहनी चाहिए थी। मुझे मुख्यमंत्री पद का कोई मोह नहीं है। मैं अपना इस्तीफा हमेशा तैयार रखता हूं। दूर से बैठ कर मेरे खिलाफ बात करना ठीक नहीं है।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि कई लोगों का कहना है कि हमने हिंदुत्व का मुद्दा छोड़ दिया है। मैं लोगों से मिल नहीं पाता, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि यह मैं अस्पताल में था, मेरी सर्जरी हुई थी, इसलिए मैं लोगों से मिलजुल नहीं पा रहा था। लेकिन, अब मैं लोगों से मिल रहा हूं।
उन्होंने कहा हिंदुत्व तो हमारी सांस में है, जिसे हम कभी छोड़ नहीं सकते। शिवसेना और हिंदुत्व एक दूसरे के पूरक हैं। शिवसेना ने हिंदुत्व नहीं छोड़ा है। लोगों के यह आरोप बेबुनियाद हैं। दूसरे दलों के विधायकों ने मुझ पर भरोसा जताया, लेकिन मुझे दुख इस बात का है कि मेरे अपने ही लोग, अब मेरा विरोध कर रहे हैं। जो विधायक गायब हैं, या जिनके इशारे पर गायब किया गया है, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि मैं अपना इस्तीफा हमेशा रेडी रखता हूं।
