कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बोले- समय मांगा था, लेकिन एजेंसी ने कहा, आना ही होगा
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार से ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग केस में शुक्रवार को दिल्ली में पूछताछ की। ईडी ऑफिस के अंदर जाने से पहले शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि वह कानून का पालन करने वाले ‘नगारिक’ हैं और इसलिए एजेंसी के सामने पेश होने के लिए पहुंचे हैं, जबकि उन्हें यह भी नहीं पता कि उन्हें यहां बुलाया क्यों गया है। वह भारत जोड़ो यात्रा को छोड़ ईडी के सामने पेश हुए हैं।
शिवकुमार ने कहा, ‘मैं कानून का सम्मान करता हूं… मैंने जांच एजेंसी से समय मांगा था, लेकिन उन्होंने कहा आपको आना ही होगा। मैं आज यहां आया हूं… देखते हैं क्या होता है, मुझे उनकी बात सुनने दें और जो पता है, वह बताने दें।’
गौरतलब है कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा कर्नाटक में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा में शामिल होने के कारण शिवकुमार ने ईडी से 21 अक्टूबर तक पेशी से छूट देने का अनुरोध किया था, लेकिन ईडी ने उनके निवेदन को खारिज कर दिया।
शिवकुमार राज्य में यात्रा के मैनेजमेंट का जिम्मा संभाल रहे हैं। ईडी ने शिवकुमार और उनके भाई सांसद डी. के. सुरेश को भी पूछताछ के लिए तलब किया है। सूत्रों ने बताया कि एजेंसी तीन लेन-देन के बारे में जानकारी हासिल करना चाहती है।
