5.8 तीव्रता के भूकंप के बाद मारे गए आठ लोग एक शरणार्थी परिवार के सदस्य
✍️ डिजिटल न्यूज डेस्क, काबुल | अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में शुक्रवार देर रात आए भूकंप में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। काबुल के बाहरी इलाके में बचाव कार्य में मदद करने वाले मोहिबुल्लाह नियाजी ने शनिवार को कहा कि पिछली रात उत्तरी अफगानिस्तान में आए 5.8 तीव्रता के भूकंप के बाद मारे गए आठ लोग एक शरणार्थी परिवार के सदस्य थे, जो हाल ही में पड़ोसी ईरान से लौटे थे।
अफगानिस्तान की सरकार के उप प्रवक्ता हमीदुल्ला फितरत ने शनिवार को बताया कि चार और घायलों की मौत के बाद भूकंप से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 12 हो गई है। फितरत ने बताया कि काबुल, पंजशीर, लोगार, नंगरहार, लगमान और नूरिस्तान प्रांतों में पांच घर पूरी तरह नष्ट हो गए और 33 अन्य बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे 40 परिवार प्रभावित हुए।
‘यूरो-मेडिटेरेनियन सिस्मोलॉजिकल सेंटर’ और ‘यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे’ के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के कुंदुज शहर से लगभग 150 किलोमीटर पूर्व में हिंदूकुश पर्वतमाला में था। भूकंप का केंद्र 180 किलोमीटर से अधिक की गहराई पर था। इसके झटके अफगानिस्तान और पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से में महसूस किए गए।
