Samachar Prahari
OtherTop 10ताज़ा खबरभारतराज्य

मुंबई में आफत बनी मूसलाधार बारिश: जनजीवन थमे, आपात स्थिति घोषित

Share

  • मुंबई बारिश- ज्यादा भीड़ से मोनोरेल ट्रैक पर फंसी

  • विंडो तोड़कर 500 यात्री निकाले

  • 14 ट्रेन कैंसिल, 250 फ्लाइट्स लेट

  • महाराष्ट्र में दो दिन में 14 मौतें

✍🏻 डिजिटल न्यूज डेस्क, मुंबई। मुंबई और महाराष्ट्र के कई जिलों में दो दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। केवल 84 घंटे में मुंबई में लगभग 500 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर के निचले इलाके डूब गए और कई सड़कें तालाब जैसी नजर आईं। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

जनहानि और नुकसान

बीते दो दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 14 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से आठ नांदेड़ जिले से हैं। यहां 200 से ज्यादा ग्रामीण फंस गए थे जिन्हें सेना और NDRF की मदद से सुरक्षित निकाला गया। वहीं कोंकण क्षेत्र की नदियाँ खतरे के निशान पर बह रही हैं और जलगांव जिले में भारी नुकसान दर्ज हुआ है।

यातायात ठप: ट्रेनें, फ्लाइट्स और बसें प्रभावित

बारिश का सबसे बड़ा असर ट्रांसपोर्ट सिस्टम पर हुआ है।
• सेंट्रल रेलवे ने पानी भरने और तकनीकी दिक्कतों की वजह से 14 ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दीं।
• हवाई अड्डे पर 250 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हुईं और दर्जन भर विमानों को डायवर्ट करना पड़ा।
• लोकल ट्रेन सेवाएँ, जो मुंबई की लाइफलाइन मानी जाती हैं, घंटों तक बाधित रहीं। अंधेरी सबवे छह घंटे बंद रहा, जिससे हजारों यात्री फंस गए।

मोनोरेल का खौफनाक हादसा

मंगलवार शाम करीब छह बजे मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास एक मोनोरेल एलिवेटेड ट्रैक पर अटक गई। ट्रेन में लगभग 500 यात्री सवार थे। भीड़ बढ़ने से तकनीकी खराबी हुई और यात्रियों को करीब दो घंटे तक अंधेरे और घुटन में फंसा रहना पड़ा। आखिरकार विंडो तोड़कर और क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। यात्रियों ने इस घटना को खौफनाक बताया। MMRDA ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रशासन अलर्ट पर, राहत कार्य जारी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। CM ऑफिस ने कहा कि NDRF, SDRF और डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसियां चौबीसों घंटे तैनात हैं। नागरिकों को हर तीन घंटे में मौसम का अपडेट दिया जा रहा है और प्रभावित इलाकों में तत्काल सहायता पहुंचाई जा रही है।
मुंबई पुलिस ने अब तक लगभग 900 लोगों को सुरक्षित निकाला है। सोशल मीडिया पर मदद मांगने वाले कई परिवारों तक पुलिस ने तुरंत पहुंच बनाई।

स्कूल-कॉलेज बंद, वर्क फ्रॉम होम का आदेश

शहर में सभी शैक्षणिक संस्थान दो दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। सरकारी दफ्तरों में छुट्टी घोषित की गई है जबकि निजी कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम का आदेश दिया गया है।

बारिश का असर हर वर्ग पर

बारिश की मार से बॉलीवुड भी अछूता नहीं रहा। जुहू स्थित अमिताभ बच्चन के बंगले “प्रतीक्षा” में पानी भर गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बिग बी खुद वाइपर लेकर पानी निकालते दिखे।

बीजेपी सरकार की व्यवस्था पर उठे सवाल

मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर मुंबई के ड्रेनेज और इंफ्रास्ट्रक्चर सिस्टम की पोल खोल दी है। बारिश के बीच सवाल उठ रहे हैं कि मुंबई जैसी महानगरी में साल दर साल ऐसे हालात क्यों बनते हैं। सड़क और ड्रेनेज सिस्टम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद जलजमाव से हालात बिगड़ जाते हैं। विपक्ष ने बीजेपी नीत फडणवीस सरकार पर आरोप लगाया है कि “व्यवस्था परिवर्तन” के वादों के बावजूद न तो इंफ्रास्ट्रक्चर सुधरा और न ही आपदा प्रबंधन तंत्र मजबूत हुआ।
जनता सवाल कर रही है कि जब बारिश हर साल आती है, तो उसके लिए पहले से ठोस तैयारी क्यों नहीं होती। मोनोरेल जैसी महंगी परियोजनाएँ भी अचानक तकनीकी खराबी का शिकार होकर यात्रियों की जान खतरे में डाल देती हैं।

मुंबई में इस समय जनजीवन ठहर गया है। लोग घरों में कैद हैं और प्रशासन अलर्ट मोड में है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन सवाल यह भी है कि क्या “व्यवस्था परिवर्तन” का नारा महज राजनीतिक जुमला रह गया है?


Share

Related posts

वर्ष 2020 में पॉक्सो के 47,221 मामले दर्ज

samacharprahari

महाकुंभ में भगदड़ से जान गंवाने वालों के परिवारों को मिलेंगे 25 लाख रुपए

Prem Chand

मुंबई महानगर पालिका में ‘महिला राज’: अश्विनी भिड़े बनीं BMC की पहली महिला कमिश्नर

samacharprahari

Leave a Comment