ताज़ा खबर
OtherPoliticsTop 10ताज़ा खबरभारतराज्य

भाजपा में अब ‘स्टांप पेपर’ से साधी जा रही वफादारी

Share

  • कोर कमेटी के सामने बगावत की चुनौती

  • 700 दावेदारों ने बढ़ाया आलाकमान का सिरदर्द

✍🏻 प्रहरी संवाददाता, पिंपरी-चिंचवड | अनुशासन, संगठन और कैडर आधारित राजनीति का दावा करने वाली पार्टी के लिए पिंपरी-चिंचवड महानगर पालिका चुनाव अब साख की लड़ाई बन चुका है। टिकट बंटवारे से पहले ही पार्टी के भीतर जिस तरह असंतोष और बगावत के सुर उभर रहे हैं, उसने संगठनात्मक मजबूती के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात ऐसे हैं कि संभावित बगावत को थामने के लिए पार्टी को अब ‘राजनीतिक भरोसे’ की जगह 100 रुपये के स्टांप पेपर पर लिखित वफादारी तलाशनी पड़ रही है।

128 सीटें, 700 से ज्यादा दावेदार

फरवरी 2017 में राष्ट्रवादी कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा के सामने इस बार उम्मीदों की भीड़ है। शहर की 128 सीटों के लिए 700 से अधिक इच्छुकों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें पार्टी के पुराने दिग्गज, हाल में अन्य दलों से आए नेता, मौजूदा नगरसेवक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं।

महायुति समीकरण के तहत भाजपा को कई सीटें सहयोगी पार्टियों के लिए छोड़नी होंगी। ऐसे में अपने ही कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध सीटें और सिमट गई हैं। नतीजा टिकट कटने की आशंका से कई कद्दावर नेता निर्दलीय या वैकल्पिक राजनीतिक रास्तों की तैयारी में जुट गए हैं।

साक्षात्कार या औपचारिकता?

इस बीच, 16 और 17 दिसंबर को हुई साक्षात्कार प्रक्रिया ने असंतोष को और हवा दी। अंतिम चरण में कई वार्डों के इच्छुकों के सामूहिक इंटरव्यू लिए गए, जिन्हें कार्यकर्ताओं ने “दिखावटी कवायद” बता दिया। नाराज दावेदारों का आरोप है कि उम्मीदवारों की सूची पहले ही बंद कमरों में तय हो चुकी है और इंटरव्यू केवल संगठनात्मक औपचारिकता निभाने के लिए किए गए।

शपथपत्र से वफादारी की कोशिश

बगावत की आहट को भांपते हुए भाजपा की कोर कमेटी ने एक असामान्य दांव चला है। इच्छुकों से लिखित शपथपत्र लिया जा रहा है कि टिकट न मिलने की स्थिति में वे न तो चुनाव लड़ेंगे और न ही पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होंगे। राजनीतिक गलियारों में इसे उस विडंबना के तौर पर देखा जा रहा है, जहां “अनुशासन की पार्टी” को अपने ही कार्यकर्ताओं पर भरोसा कायम रखने के लिए अब स्टांप पेपर का सहारा लेना पड़ रहा है।


Share

Related posts

यूपी में कोर्ट केसों में पुलिस हस्तक्षेप पर रोक: सरकार बनाएगी नई गाइडलाइन, वकीलों से सीधे संपर्क नहीं कर सकेगी पुलिस

samacharprahari

इंस्टेंट लोन ऐप्स की जबरन वसूली, 200 फीसदी ब्याज वसूला : सर्वे

samacharprahari

महाराष्ट्र में स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों, नर्सों की कमी : कैग रिपोर्ट

Prem Chand

पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े महिला कर्मचारी को चाकू से गोदा

Prem Chand

16 व्यापारियों का 20 किलो सोना और करोड़ों का कैश लेकर सर्राफा गायब

samacharprahari

भड़काऊ भाषणों पर ‘सिलेक्टिव न्याय’: कब रुकेगा दोहरापन?

samacharprahari