समाचार प्रहरी, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में लाचार पति की हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। आर्थिक लाचारी के चलते एक युवक को अपनी मृत पत्नी का शव बांस के लट्ठों में चादर फंसाकर ले जाना पड़ा।
प्रयागराज में शुक्रवार को एक वीडियो ने उत्तर प्रदेश की खस्ताहाल हेल्थ सिस्टम को झकझोर कर रख दिया। पैसे न होने की वजह से एक युवक ने अपने ससुर की मदद से पत्नी की लाश को पहले बांस के सहारे बांधा। फिर उसे लेकर झूंसी से दारागंज घाट की ओर चलने लगा। उसके पास इतने भी पैसे नहीं थे कि वह अपनी पत्नी की चिता के लिए लकड़ियां और अंतिम संस्कार की सामग्री तक खरीद पाता।
मृत पत्नी के अंतिम संस्कार के लिए पति को इस हाल में शव ले जाता देख आसपास के लोगों ने मदद की। पीड़ित शख्स को वहीं पर रोक कर अंतिम संस्कार के लिए पैसे जमा किए। इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने शव को बांस के लट्ठों के बीच से निकालकर ई-रिक्शा से श्मशान घाट भिजवाया।
