उद्धव ने कहा- गद्दार का धब्बा हमेशा रहेगा
शिंदे बोले- कटप्पा विश्वासपात्र था, पीठ में खंजर नहीं घोंपा
प्रहरी संवाददाता, मुंबई। असली शिवसेना पार्टी पर अधिकार जताने की लड़ाई भले ही अदालत में विचाराधीन है, लेकिन बुधवार को मुंबई में शिवसैनिकों के दोनों धड़े शक्ति परीक्षण में पीछे नहीं रहे। दोनों गुटों के समर्थकों की भारी भीड़ रही। उद्धव ने जहां एकनाथ शिंदे को दगाबाज व पीठ में खंजर घोंपने वाला कटप्पा कहा तो वहीं शिंदे ने भी जवाब दिया कि कटप्पा ने पीठ में छूरा नहीं घोंपा। हालांकि उद्धव ठाकरे बनाम एकनाथ शिंदे के शक्ति प्रदर्शन में भाजपा किसी दर्शक की तरह नजर आई। शिंदे सेना ने किसी भी भाजपा नेता को आमंत्रित नहीं किया था।
महाराष्ट्र की राजनीति के लिए इस बार का दशहरा बेहद खास रहा। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने दादर स्थित शिवाजी पार्क में दशहरा रैली को संबोधित किया, जबकि शिवसेना से बगावत कर भाजपा के साथ सरकार बनानेवाले एकनाथ शिंदे ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) पर रैली को संबोधित किया।
दादर में उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर जोरदार हमला बोला। ठाकरे ने शिंदे की तुलना रावण से की। उन्होंने कहा कि कटप्पा को जनता माफ नहीं करने वाली है। गद्दार का धब्बा हमेशा साथ रहेगा। शिवसैनिकों की गद्दी पर सिर्फ एक शिवसैनिक का ही अधिकार रहने वाला है।
शिवतीर्थ की भीड़ सच बता रही है
उद्धव ने कहा कि इसी शिवतीर्थ पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, ढाई साल तक बिना किसी अनुभव के सरकार चलाई, सिर्फ आपके प्यार…आशीर्वाद… … उनके पास और कोई शब्द नहीं है। शिवसेना का क्या होगा? आज उन्हें शिवतीर्थ पर भीड़ देखकर जवाब मिला। यहां एक भी व्यक्ति को किराए पर नहीं लाया गया है। यहां एक वफादार शिव सैनिक है।
आपने शिवसैनिकों की पीठ में छुरा घोंपा
एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “उन्होंने अपने भाषण में मुझे कटप्पा कहा, लेकिन कटप्पा स्वाभिमानी और ईमानदार था। वह आप की तरह दोहरे चरित्र वाला नकली राजनेता नहीं था। आपने क्या किया? शिव सैनिकों को परेशान किया। हम ऐसा कोई बोगस काम नहीं करेंगे। हम सामने से वार करनेवालों में से हैं, पीठ में छुरा घोंपने वाले नहीं। आपने शिवसैनिकों की पीठ में छुरा घोंपा है।’
एकनाथ के मंच पर बाल ठाकरे का कुनबा
एकनाथ शिंदे के मंच पर मौजूद उनके समर्थकों ने अपने भाषण में उद्धव ठाकरे और उनके परिवार पर जमकर निशाना साधा। कभी ठाकरे परिवार के करीबी रहे सांसद राहुल शेवाले ने ठाकरे परिवार पर जमकर निशाना साधा।
बीकेसी मैदान में बनाए गए मंच पर शिंदे के समर्थकों के अलावा उद्धव ठाकरे के परिवार को छोड़कर पूरा बाल ठाकरे कुनबा नजर आया। उद्धव के भाई जयदेव ठाकरे, उनकी पूर्व पत्नी स्मिता ठाकरे, दिवंगत बिंदु माधव ठाकरे के बेटे निहार ठाकरे भी शिंदे को शुभकामना देने पहुंचे।

