Samachar Prahari
OtherTop 10क्राइमताज़ा खबरबिज़नेसभारतराज्य

देश भर से 65 करोड़ रुपये का 42 किलो सोना जब्त, 25 गिरफ्तार

Share

  • सोनेकी तस्करी पर डीआरआई का बड़ा प्रहार

✍️ प्रहरी संवाददाता मुंबई | राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने संगठित सोना तस्करी सिंडिकेट्स के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाते हुए 65 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का 42 किलोग्राम से ज्यादा विदेशी मूल का सोना और लगभग 10 किलोग्राम चांदी जब्त की है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर मुंबई, कोलकाता, केरल, गुवाहाटी, तमिलनाडु और भारत-बांग्लादेश सीमा पर की गई इन सुनियोजित कार्रवाइयों में 5 विदेशी नागरिकों सहित कुल 25 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

तस्करी के इस बड़े नेटवर्क में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। दुबई, बैंकॉक और माले से मुंबई ट्रांजिट कर रहे पांच विदेशी यात्रियों और उनकी मदद कर रहे हवाई अड्डे के एक कर्मचारी को पकड़ा गया, जिनके पास से मोम के रूप में 6.85 किलोग्राम 24-कैरेट सोने की धूल भरी 16 कैप्सूल बरामद हुईं। वहीं, कोलकाता हवाई अड्डे पर बैंकॉक और दुबई से आए यात्रियों के अंडरगारमेंट्स और जींस में छुपाकर लाया गया 8.23 किलोग्राम सोना पकड़ा गया।

इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के समन्वय से एक घर पर छापा मारकर 15.61 किलोग्राम वजन के 125 विदेशी सोने के बिस्कुट जब्त किए गए और एक महिला को गिरफ्तार किया गया। केरल के कोचीन और कालीकट हवाई अड्डों पर क्रमशः रास अल खैमाह और जेद्दा से आए यात्रियों से पेस्ट और इस्त्री में गुप्त रूप से छिपाया गया सोना बरामद हुआ।

डीआरआई ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ के साथ मिलकर विभिन्न अभियानों में 2.67 किलोग्राम से अधिक सोना, गुवाहाटी में 3.84 किलोग्राम सोने के बिस्कुट और तमिलनाडु के रामनाथपुरम में श्रीलंका से समुद्री रास्ते लाई गई 9.99 किलोग्राम चांदी व 1.36 किलोग्राम सोना जब्त किया। सभी आरोपियों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत कार्रवाई की गई है।


Share

Related posts

उत्पीड़न और रिश्वत के आरोप में हिरासत में लिए बीजेपी विधायक

Prem Chand

भारत ने घातक मिसाइल का एक और सफल परीक्षण किया, 80 KM तक सतह से हवा में करेगी अटैक

samacharprahari

बोनस व प्रलंबित मांग को लेकर रेलकर्मी फिर करेंगे आंदोलन

Prem Chand

Leave a Comment