प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान हुई झड़प, दबंगों ने एक छात्र को पीटकर मार डाला
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार को प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान दो छात्र गुटों में हुई झड़प खूनी संघर्ष में बदल गया। एक गुट के समर्थन में जुटे दबंगों ने 12वीं कक्षा के एक छात्र को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।
जलालपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत त्रिलोचन महादेव स्थित रामरूप सर्वोदय इंटर कॉलेज में रविवार को भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। बयालसी गर्ल्स इंटर कॉलेज जलालपुर के 241 विद्यार्थियों का रामरूप सर्वोदय इंटर कॉलेज में सेंटर आया था। प्रधानाचार्य लल्लू राम यादव ने बताया कि करीब साढ़े नौ बजे फाइल देखने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक हो गया।
बाहर से कॉलेज पहुंचे 20 से 25 युवक
गर्ल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ शैलेंद्र कुमार सिंह को फोन पर घटना की जानकारी दी गई। इस सूचना पर दो-तीन शिक्षक कॉलेज पहुंचे और सभी को शांत कराकर प्रैक्टिकल परीक्षा शुरू कराई। दोपहर 12 बजे अचानक 20 से 25 युवक कॉलेज परिसर में दाखिल हुए।
दबंग छात्रों ने वहां उपस्थित शिक्षकों को गाली देते हुए एक छात्र मिथिलेश यादव (18 वर्ष, पुत्र उपेंद्र यादव निवासी नेवादा भक्ता) को पकड़ लिया। क्लास से मिथिलेश को घसीटकर बाहर लाया और लाठी-डंडे से खूब पिटाई की। हमले में मिथिलेश लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
