एनसीएलएटी में होगी 25 फरवरी को सुनवाई
मुंबई। राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) से ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजॉन को राहत नहीं मिल सकी है। एनसीएलएटी ने सोमवार को उसकी याचिका पर सुनवाई 25 फरवरी तक के लिए टाल दी है। अमेरिकी कंपनी ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) के आदेश पर अंतरिम रोक लगाने का आग्रह किया है।
सीसीआई ने अमेजॉन के फ्यूचर कूपंस प्राइवेट लि. (एफसीपीएल) के साथ करीब दो साल पुराने सौदे की मंजूरी को निलंबित कर दिया है। एनसीएलएटी की पीठ ने कहा कि इस मामले की सोमवार को सुनवाई संभव नहीं है। पीठ के एक सदस्य अपना कार्यकाल पूरा करने के पश्चात चार दिन बाद सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
पीठ ने कहा कि इस मामले में आदेश पारित करने से पहले अन्य पक्षों मसलन सीसीआई को भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। इसमें कुछ समय लगेगा और सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य तब पीठ का हिस्सा नहीं होंगे।
