Samachar Prahari
Politicsराज्य

वरवर राव मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती

Share

मुंबई। एल्गार परिषद और माओवादी संबंध के मामले में गिरफ्तार किए गए कवि एवं सामाजिक कार्यकर्ता वरवर राव को चक्कर आने की शिकायत के बाद मंगलवार को जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिछले करीब दो साल से 80 वर्षीय राव जेल में बंद हैं। उन्हें नवी मुंबई की तलोजा जेल में रखा गया है। वह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हैं। उन्होंने जेल प्राधिकारियों से तत्काल चिकित्सकीय सेवा मुहैया कराए जाने की मांग की थी।

सामाजिक कार्यकर्ता के वकील आर. सत्यनारायण अय्यर ने कहा, ‘‘राव को चक्कर आने के बाद सोमवार रात को ही जे जे अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल में उनकी जांच हो रही है।’’ इससे पहले राव ने अस्थायी जमानत का अनुरोध करते हुए सोमवार को बंबई उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और इसके लिए उन्होंने अपने बिगड़ते स्वास्थ्य एवं वर्तमान कोविड-19 महामारी का हवाला भी दिया था। उन्होंने अदालत से यह भी अनुरोध किया था कि वह जेल प्राधिकारियों को उनका मेडिकल रिकार्ड पेश करने और उन्हें किसी अस्पताल में भर्ती कराए जाने का निर्देश दे।

राव ने अपने वकील आर. सत्यनारायण अय्यर के माध्यम से उच्च न्यायालय में दो याचिकाएं दायर की थीं। एक याचिका में विशेष एनआईए अदालत की ओर से 26 जून को उनकी जमानत याचिका खारिज किये जाने के फैसले को चुनौती दी गयी थी, जबकि दूसरी याचिका में नवी मुम्बई की तलोजा जेल के अधिकारियों को उनका मेडिकल रिकार्ड पेश करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया था।

बता दें कि वरवर राव और नौ अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को एल्गार परिषद-माओवादी संपर्क मामले में गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की प्रारंभ में पुणे पुलिस ने जांच की थी लेकिन इस साल जनवरी में इसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया। यह मामला 31 दिसंबर 2017 में पुणे के एल्गार परिषद सम्मेलन में कथित उत्तेजक भाषण देने से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार इसी के बाद अगले दिन कोरेगांव भीमा वार स्मारक के पास हिंसा हुई थी। पुलिस ने यह भी दावा किया था कि इस सम्मेलन का जिन लोगों ने आयोजन किया था, उनका कथित रूप से माओवादियों से संबंध था।


Share

Related posts

महायुति में ‘महा-विस्फोट’: नामांकन से 150 मिनट पहले पिंपरी में दोस्ती का अंत!

samacharprahari

देह व्यापार कानून में अपराध नहीं, महिला को पेशा चुनने का हक

Prem Chand

फिलिस्तीन का समर्थन करने पर प्रोफेसर समेत 2 पर मामला दर्ज

samacharprahari

Leave a Comment