मुंबई, 01 जनवरी 2025। भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा कि 2,000 रुपये के 98.12 प्रतिशत नोट अबतक बैंकिंग प्रणाली में वापस आ चुके हैं जबकि 6,691 करोड़ रुपये मूल्य के ऐसे नोट अब भी लोगों के पास हैं। आरबीआई ने 19 मई, 2023 को 2,000 रुपये मूल्य के बैंक नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की थी। उसके बाद से ही इन नोटों को वापस लेने की प्रक्रिया चल रही है। आरबीआई ने बयान में कहा कि चलन में मौजूद 2,000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य 31 दिसंबर, 2024 को कारोबार की समाप्ति पर 6,691 करोड़ रुपये रह गया। यह मूल्य 19 मई, 2023 को आरबीआई के फैसले के दिन 3.56 लाख करोड़ रुपये था।
आरबीआई के मुताबिक इन नोटों को जमा करने या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी। हालांकि, अब भी रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा आम लोग देश के किसी भी डाकघर से डाक के जरिये 2,000 रुपये के नोट आरबीआई के किसी भी निर्गम कार्यालय को अपने बैंक खातों में जमा करने के लिए भेज सकते हैं। चलन से वापस लिए जाने के बावजूद 2,000 रुपये के नोट वैध मुद्रा बने हुए हैं। आरबीआई ने नवंबर, 2016 में तत्कालीन प्रचलित 1,000 रुपये और 500 रुपये के बैंक नोटों को चलन से हटाए जाने के बाद 2,000 रुपये के नोट पेश किए थे।
